जोधपुर। कांग्रेस के नवनियुक्त संगठन महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश में हुए उपचुनाव में सब नेताओं ने मिलकर कांग्रेस को जीत दिलाई थी वैसा ही प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी होगा। कांग्रेस एक जुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। मीडिया से चर्चा के दौरान गहलोत से पूछा गया कि क्या आपको केंद्र की जिम्मेदारी देकर राजस्थान में सचिन पायलट को फ्री हैंड दे दिया गया? गहलोत ने कहा राजस्था का हर गांव ढाणी में दिल में है। मैं पांच साल तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महामंत्री रहने से पहले भी दिल्ली में रहा लेकिन वापस राजस्थान का मुख्यमंत्री लौटा था। मैं जब भी राजनीति से रिटायर्ड हो जाउंगा तब जोधपूर ही आकर रहूंगा।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने मेरे पर विश्वास करके जो जिम्मेदारी दी है मैं उसे पूरी तरह निभाने की कोशिश करूंगा। हम आने वाली नई पीढ़ी को कांग्रेस से जोड़ेंगे। आज नई पीढ़ी और कांग्रेस के बीच में थोड़ी दूरी आ गई है। नई पीढ़ी के लोगों को कांग्रेस के बलिदानों के बारे में जानकारी नही है। जबकि बीजेपी अब 70 साल बाद गांधी व पटेल को अपना रही है। थोड़े समय बाद बीजेपी नेहरू को भी अपनाने लगेगी।
गहलोत ने कहा कि आरएसएस पर्दे के पीछे की राजनीति के कर लोगों को भ्रमित कर वोट मांगती है। और फिर इसका फायदा भाजपा उठा लेती है। आरएसएस को अब खुलकर मैदान में आना चाहिए। आरएसएस को बीजेपी में मर्ज करके चुनाव लड़ना चाहिए ताकि सीधा मुकाबला हो जाए। लोगों को भ्रम में डालकर हिंदुत्व, राम मंदिर तो कभी गौ माता के नाम पर राजनीति करना बंद करना चाहिए।